पेंशनरों ने गोल्डन कार्ड सुविधाओं की जानकारी सार्वजनिक करने की उठाई मांग.. चिकित्सालयों में योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित न होने पर जताया रोष.. रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल….

18

 

नैनीताल। राजकीय पेंशनर कल्याण एसोसिएशन नैनीताल की मासिक बैठक रविवार को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मल्लीताल में हुई। बैठक में पेंशनरों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की गई।एसोसिएशन अध्यक्ष मंजू बिष्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक का संचालन संयुक्त मंत्री त्रिलोक सिंह रौतेला ने किया। सदस्यों ने जिलाधिकारी की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का विभागीय स्तर पर प्रभावी अनुपालन नहीं होने पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद राजकीय और निजी चिकित्सालयों में गोल्डन कार्ड तथा आयुष्मान योजना से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी प्रमुख स्थान पर नोटिस बोर्ड के माध्यम से प्रदर्शित नहीं की जा रही है। इससे वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनरों को योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही है।बैठक में वरिष्ठ नागरिकों को पर्वत गैस सर्विस से समय पर रसोई गैस उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया। सदस्यों ने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।
एसोसिएशन ने निर्णय लिया कि समस्याओं के समाधान के लिए सोमवार को प्रतिनिधिमंडल मुख्य चिकित्सा अधीक्षक तथा कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल दोनों अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग करेगा।
बैठक में कृष्णापुर के निवासियों की सड़क की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को एसोसिएशन ने पूर्ण समर्थन देने का निर्णय लिया। सदस्यों ने सरकार से आंदोलनकारियों की मांग पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की।बैठक में घनश्याम बिष्ट, नरेंद्र रावत, प्रगति साह, चंद्रकला खोलिया, दीपा बिष्ट, रेखा त्रिवेदी, पीतांबर मिश्रा, एनबी पंत, सुनील साह, प्रकाश साह, ललित मोहन पांडेय, निर्मल पांडेय, खुशाल सिंह कार्की और केदार सिंह राठौर समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।