नैनीताल। राजकीय पेंशनर कल्याण एसोसिएशन के शिष्टमंडल ने सोमवार को अध्यक्ष मंजू बिष्ट के नेतृत्व में वरिष्ठ नागरिकों से जुड़ी समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों से वार्ता की। शिष्टमंडल ने बीडी पांडे अस्पताल में वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता के आधार पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने समेत विभिन्न मांगें उठाईं।शिष्टमंडल ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से मुलाकात कर अस्पताल परिसर में गोल्डन कार्ड और आयुष्मान कार्ड से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित करने की मांग की। इसके साथ ही पेंशनरों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावों का प्राथमिकता के आधार पर प्रतिहस्ताक्षर करने का अनुरोध किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने मांगों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक/महाप्रबंधक से मुलाकात कर गैस वितरण व्यवस्था का मुद्दा उठाया। पेंशनरों ने कहा कि ठेकेदार की ओर से घर तक गैस सिलेंडर नहीं पहुंचाए जा रहे हैं, जिससे विशेषकर बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गैस कार्यालय के पूछताछ काउंटर पर फोन नहीं उठाए जाने की शिकायत भी की गई। महाप्रबंधक ने मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।शिष्टमंडल में त्रिलोक सिंह रौतेला, ललित मोहन पांडे, केएस कार्की, एनबी पंत, प्रगति साह, दीपा बिष्ट, चंद्रकांता खोलिया और रेखा त्रिवेदी समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।
●14 अक्टूबर को कोषाधिकारी और एसएसपी से होगी वार्ता..
एसोसिएशन का अगला कार्यक्रम 14 अक्टूबर को प्रस्तावित है। इस दिन शिष्टमंडल मुख्य कोषाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल से मुलाकात कर वरिष्ठ नागरिकों एवं पेंशनरों से संबंधित समस्याओं को उनके समक्ष रखेगा।







