भाजपा ने दिनेश आर्य को राज्यसभा भेजकर दिया संगठन में योगदान का सम्मान… विधायक बनने की दावेदारी के बाद उच्च सदन तक पहुंचे आर्य… अंकित भंडारी मामले को लेकर क्या बोले.. रिपोर्ट- (सुनील भारती) ‘स्टार खबर’ नैनीताल..

19
Oplus_16908288

नैनीताल। भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता दिनेश आर्य को राज्यसभा भेजे जाने के बाद पार्टी में उनके लंबे संगठनात्मक सफर की चर्चा तेज हो गई है। जिला अध्यक्ष से लेकर युवा मोर्चा, अनुसूचित मोर्चा और प्रदेश कार्यकारिणी तक विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुके आर्य अब उच्च सदन में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। वह लंबे समय से विधानसभा चुनाव में भी अपनी दावेदारी पेश करते रहे हैं, लेकिन विधायक बनने का उनका प्रयास सफल नहीं हो पाया।

पार्टी ने अब उन्हें राज्यसभा भेजकर संगठन में उनके योगदान को सम्मान देने का अवसर दिया है।आर्य ने नैनीताल पहुंचने पर आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर दावा किया कि वर्ष 2027 में भाजपा उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का संगठन मजबूत है और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर भाजपा इस बार बड़े अंतर से जीत दर्ज करेगी।

उन्होंने पार्टी में छोटे से छोटे कार्यकर्ता के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि संगठन में काम करने वालों को समय-समय पर जिम्मेदारियां और अवसर दिए जाते हैं।

●विधानसभा चुनावों में करते रहे दावेदारी..

दिनेश आर्य भाजपा संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। उन्होंने जिला अध्यक्ष, युवा मोर्चा, अनुसूचित मोर्चा और प्रदेश कार्यकारिणी सहित विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी निभाई। वह वर्ष 1993 और 1996 के विधानसभा चुनावों के साथ मुक्तेश्वर क्षेत्र से भी चुनावी दावेदारी कर चुके हैं। हालांकि, उन्हें विधायक बनने का अवसर नहीं मिल पाया। अब राज्यसभा पहुंचने के बाद उनकी राजनीतिक भूमिका को लेकर चर्चा हो रही है।

● रेखा आर्य से जुड़े विवाद को बताया पारिवारिक मामला..

नैनीताल पहुंचे राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने रेखा आर्य और उनके पति के बीच सामने आए विवाद को पारिवारिक मामला बताया। उन्होंने कहा कि पहले दोनों साथ थे, लेकिन विवाद होने पर एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए जाते हैं।

आर्य के अनुसार, इस घटनाक्रम से भाजपा की छवि पर किसी बड़े असर की आशंका नहीं है। उन्होंने रेखा आर्य को लंबे समय से पार्टी और जनता के बीच सक्रिय रहने वाली कार्यकर्ता बताया।

●अंकिता प्रकरण पर विपक्ष पर लगाए आरोप..

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर आर्य ने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी और उसके साथ हुई घटना बेहद दुखद थी। उन्होंने कहा कि मामले में तीन दोषियों को अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम की राज्यपाल पद पर नियुक्ति को लेकर उठ रहे सवालों पर उन्होंने विपक्ष को घेरा।
आर्य ने आरोप लगाया कि राजनीतिक दल अंकिता के परिजनों को भड़काकर इस मामले को बार-बार राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस की ओर से गौतम को राज्यपाल बनाए जाने को संरक्षण से जोड़ने के आरोप पर उन्होंने कहा कि गौतम ने भाजपा में लंबे समय तक संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाई हैं। वह राष्ट्रीय स्तर पर अनुसूचित मोर्चे के अध्यक्ष और पार्टी महासचिव जैसे पदों पर भी रहे हैं। ऐसे में उनकी नियुक्ति को अंकिता प्रकरण से जोड़ना उचित नहीं है।

●2027 में तीसरी बार सरकार बनाने का दावा.

आर्य ने दोहराया कि भाजपा संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के उत्साह के बल पर आगामी विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल करेगी। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में पार्टी लगातार तीसरी बार उत्तराखंड में सरकार बनाएगी।