हरिद्वार। ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट का नाम आदि गुरु शंकराचार्य के नाम पर रखने की मांग पूरी नहीं होने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से इस संबंध में मांग की जा रही है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई पहल नहीं हुई। लगातार मांग करते–करते अब निराशा होने लगी है।
शुक्रवार को कनखल स्थित शंकराचार्य मठ पहुंचे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आदि गुरु शंकराचार्य सनातन धर्म के पुनरुद्धारक और भारत की एकता के सूत्रधार थे। उन्होंने केरल से अपनी यात्रा शुरू की और उत्तराखंड में अपने श्रीविग्रह का त्याग किया। उत्तराखंड से उनका विशेष आध्यात्मिक संबंध रहा है। यहां उनकी समाधि और पीठ भी स्थापित है। ऐसे में जौलीग्रांट एयरपोर्ट का नाम उनके नाम पर रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मांग को लेकर लंबे समय से प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक सकारात्मक परिणाम नहीं मिले हैं।
●दो दलीय व्यवस्था की ओर बढ़ रही देश की राजनीति..
शंकराचार्य ने कहा कि भारत की राजनीति धीरे-धीरे अमेरिका की दो दलीय व्यवस्था की ओर बढ़ रही है। विभिन्न राजनीतिक दल गठबंधन के नाम पर एकजुट हो रहे हैं, जिससे तीसरे विकल्प की संभावना कमजोर पड़ती दिखाई दे रही है। उत्तर प्रदेश में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की पार्टियों के गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि दलित और मुस्लिम मतदाताओं को जोड़कर बनाए जा रहे ऐसे गठबंधन हिंदू समाज और हिंदू धर्म के लिए नुकसानदेह हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के गठबंधन उनके लिए आदर योग्य नहीं हैं।
●70 लाख गायों के कम होने का किया दावा..
उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि प्रदेश में करीब दस वर्षों के शासन के दौरान गायों की स्थिति चिंताजनक रही है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2019 से 2024 के बीच हुई गणना में करीब 70 लाख गायों की संख्या कम होने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में गायों की कमी से योगी सरकार के प्रति हिंदू समाज का पहले जैसा विश्वास नहीं रह गया है। इसका असर आगामी चुनाव में भी देखने को मिल सकता है।
●सोनिया गांधी की आत्मकथा से नहीं मिलती प्रेरणा..
सोनिया गांधी की आत्मकथा पर पूछे गए सवाल पर शंकराचार्य ने कहा कि इस पुस्तक से उनका कोई विशेष सरोकार नहीं है। सोनिया गांधी की आत्मकथा न तो रामचरितमानस है और न ही महाभारत, जिससे उन्हें जीवन की प्रेरणा मिले। उन्होंने कहा कि वे भगवान राम और श्रीकृष्ण के चरित्र का अध्ययन करते हैं और उनसे लोककल्याण तथा जीवन के लिए प्रेरणा लेते हैं। उनके अनुसार वही इतिहास महत्वपूर्ण है, जिससे समाज और जनकल्याण की सीख मिले।
●शीतकालीन चारधाम यात्रा को बताया बेहतर पहल..
उत्तराखंड सरकार की ओर से शीतकालीन चारधाम यात्रा को बढ़ावा देने की पहल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन दोनों चारधाम यात्राएं संचालित होनी चाहिए। भगवान के दर्शन और आशीर्वाद के लिए कोई भी मौसम समान रूप से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कई श्रद्धालुओं ने शीतकालीन यात्रा के सुखद अनुभव साझा किए हैं। गर्मियों की अपेक्षा सर्दियों में श्रद्धालुओं को भगवान के दर्शन अपेक्षाकृत आसानी से हो जाते हैं।







