गर्भवती महिला की मौत पर PSP अस्पताल के खिलाफ फूटा गुस्सा, परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप ★. PSP अस्पताल की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल, 22 वर्षीय अर्शदीप की मौत के बाद अस्पताल के बाहर धरना-प्रदर्शन

8

हल्द्वानी। शहर के PSP अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। महज 22 वर्ष की उम्र में अर्शदीप कौर की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। शनिवार को आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के बाहर धरना-प्रदर्शन कर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। परिजनों ने उपचार में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, मृतका अर्शदीप कौर पत्नी तलविंदर सिंह, ग्राम सीतापुर, गौलापार दानीबंगर की निवासी थी। परिजनों के मुताबिक, गर्भवती अर्शदीप को 11 नवंबर को PSP अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब तीन दिन तक अस्पताल में उपचार चलने के बाद 13 नवंबर की रात उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अर्शदीप की शादी करीब एक वर्ष पूर्व ही हुई थी। परिवार में खुशियों की उम्मीद के बीच हुई इस घटना ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि समय पर उचित उपचार और चिकित्सा व्यवस्था नहीं मिलने के कारण यह दुखद घटना हुई। हालांकि, उपचार में लापरवाही के आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। धरना-प्रदर्शन के दौरान परिजनों को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव कुलदीप भुल्लर का भी समर्थन मिला। उन्होंने पीड़ित परिवार की मांगों का समर्थन करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

परिजनों का कहना है कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि इस बात का स्पष्ट जवाब चाहिए कि आखिर अस्पताल में भर्ती गर्भवती महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई। उन्होंने पूरे उपचार का रिकॉर्ड सामने लाने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित चिकित्सकों एवं जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि तीन दिन तक अस्पताल में भर्ती रही गर्भवती महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या उपचार के दौरान सभी आवश्यक चिकित्सकीय प्रोटोकॉल का पालन किया गया? इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेगा। फिलहाल अर्शदीप की मौत से परिवार में मातम पसरा है और परिजन न्याय की मांग पर अड़े हैं ।