जनगणना-2027 के लिए मुकेश बोरा की पहल, 710 दुग्ध समितियों के जरिए 34 हजार परिवार होंगे जागरूक स्व-गणना अभियान में भागीदारी के लिए दुग्ध उत्पादकों को किया जाएगा प्रेरित, समितियों के सचिवों को सौंपी जिम्मेदारी

6

लालकुआं। जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने अनूठी पहल की है। दुग्ध संघ से जुड़ी पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों की 710 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के माध्यम से करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादकों और उनके परिवारों को जनगणना के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस संबंध में आयोजित बैठक में खाद्य पूर्ति अधिकारी एवं सहायक चार्ज अधिकारी मोहित कठायत ने जनगणना के प्रथम चरण की स्व-गणना प्रक्रिया की जानकारी दी। बैठक में निर्णय लिया गया कि समितियों के सचिवों और पदाधिकारियों के माध्यम से प्रत्येक परिवार तक स्व-गणना का संदेश पहुंचाया जाएगा। अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की आधारशिला है। सटीक आंकड़ों से ही योजनाओं का बेहतर नियोजन संभव है। उन्होंने सभी समिति सचिवों को पत्र भेजकर दुग्ध उत्पादकों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करने तथा ऑनलाइन पंजीकरण की जानकारी देने के निर्देश दिए।उन्होंने बताया कि नैनीताल जिले में 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध है। इसके लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर मोबाइल या लैपटॉप से अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं। प्रक्रिया पूरी होने पर मिलने वाली 11 अंकों की स्व-गणना आईडी सुरक्षित रखनी होगी, जिसे बाद में प्रगणक को उपलब्ध कराना होगा। बैठक में सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, संजय सिंह भाकुनी, सुभाष बाबू, कमलेश कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।