नैना पीक के दुर्गम जंगलों में दिनभर चला सर्च ऑपरेशन… 12 दिन बाद भी अर्णव का सुराग नही… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

19

नैनीताल। नैना पीक क्षेत्र से लापता युवक अर्णव की तलाश में वन विभाग का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। बुधवार 18 नवंबर को वन विभाग की टीम ने सुबह नौ बजे से नैना पीक के दुर्गम वन क्षेत्र में व्यापक खोजबीन की, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।

वन दरोगा चंदन सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने शेरवानी क्षेत्र स्थित सैनिक स्कूल के ऊपर से नैना पीक की चोटी के तल तक सघन तलाशी अभियान चलाया। इसके अलावा चीना चुंगी से झंडीधार और अखोड़बाड़ी तक के वन क्षेत्र को भी खंगाला गया। टीम ने पहाड़ियों के बीच स्थित दुर्गम रास्तों, खड़ी ढलानों और घने जंगलों में संभावित स्थानों पर खोजबीन की।
अभियान में वन दरोगा गिरीश चंद्र उपाध्याय, वन आरक्षी राजेंद्र वर्मा और राजेंद्र सिंह रावत के साथ उपनल कर्मचारी नंदन सिंह, रजत कुमार, मनोज शाही, कुंदन सिंह और सचिंद्र शामिल रहे। टीम ने अलग-अलग हिस्सों में तलाश करते हुए पूरे क्षेत्र की गहन छानबीन की।

गौरतलब है कि छह नवंबर को नैना पीक से लौटते समय युवक अर्णव लापता हो गया था। उसके बाद से वन विभाग और अन्य संबंधित टीमें लगातार जंगल में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और खड़ी पहाड़ियों के कारण तलाश अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। लगातार प्रयासों के बावजूद अब तक युवक का कोई पता नहीं चल पाया है।