ईवीएम में वोट डालकर परखी मतदान प्रक्रिया, वीवीपैट से देखी पर्ची… रामनगर में जागरूकता अभियान के तहत मतदाताओं को दिया जा रहा व्यावहारिक प्रशिक्षण, मॉक पोल के जरिए दूर की जा रहीं शंकाएं…. रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

4

नैनीताल।आगामी निर्वाचन को लेकर मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से परिचित कराने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत रामनगर विधानसभा क्षेत्र में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का प्रदर्शन कर लोगों को मतदान की पूरी प्रक्रिया समझाई जा रही है। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज रामनगर में स्थापित प्रदर्शन केंद्र पर नागरिकों को मशीनों की कार्यप्रणाली बताने के साथ ही मॉक पोल भी कराया जा रहा है।सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एचडी पाण्डेय ने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस अभियान का उद्देश्य आमजन को ईवीएम और वीवीपैट के इस्तेमाल की व्यावहारिक जानकारी देना है। प्रदर्शन के दौरान नागरिकों को स्वयं ईवीएम पर बटन दबाकर मतदान करने का अवसर दिया जा रहा है, जिससे वे वास्तविक मतदान प्रक्रिया को करीब से समझ सकें।अभियान के दौरान लोगों को बताया जा रहा है कि ईवीएम में वोट दर्ज करने के बाद वीवीपैट की पारदर्शी खिड़की में संबंधित प्रत्याशी का नाम और चुनाव चिह्न अंकित पर्ची कुछ समय के लिए दिखाई देती है। इससे मतदाता अपने मत की पुष्टि कर सकते हैं। साथ ही मशीनों की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया में पारदर्शिता से जुड़े पहलुओं की जानकारी भी दी जा रही है।निर्वाचन विभाग का जोर विशेष रूप से युवा और पहली बार मतदान करने वाले नागरिकों को जागरूक करने पर है। अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के प्रदर्शन से मतदान को लेकर लोगों के मन में मौजूद जिज्ञासाओं और भ्रांतियों को दूर करने में मदद मिलेगी। साथ ही ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली को समझकर मतदाता अधिक विश्वास के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी कर सकेंगे।जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग मतदान के महत्व और उसकी प्रक्रिया से परिचित हो सकें।