नैनीताल। जिले के भूमियाधार क्षेत्र में कोटाबाग से आई एक बारात में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शादी समारोह के दौरान अचानक सात लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर आनन-फानन में भवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। बीमार लोगों में छह साल का एक बच्चा भी शामिल है। एक साथ कई लोगों के बीमार पड़ने से समारोह में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू कर सभी की हालत स्थिर कर दी।जानकारी के अनुसार, कोटाबाग ब्लॉक के एक गांव से बारात भूमियाधार क्षेत्र में आई थी। बारात में करीब 100 से 150 लोग शामिल थे। शादी समारोह के दौरान अचानक कुछ लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते सात लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद परिजनों और बारात में शामिल अन्य लोगों ने उन्हें उपचार के लिए भवाली सीएचसी पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचाए गए मरीजों में दक्ष (6), मयंक (15), आशा देवी (35), गोधन सिंह (29), बिमला देवी (40), गौरव अधिकारी (20) और देव सिंह (40) शामिल हैं। स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने तत्काल सभी का उपचार शुरू किया। मरीजों को ड्रिप चढ़ाने के साथ जरूरी दवाएं दी गईं। उपचार के बाद सभी की हालत स्थिर बताई गई है।
भवाली सीएचसी के चिकित्सा प्रभारी डॉ. अमित कुमार ने बताया कि भूमियाधार में कोटाबाग से बारात आई थी। इसी दौरान सात लोगों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल लाया गया। स्वास्थ्य टीम ने तत्परता से उपचार शुरू किया। सभी मरीजों को आवश्यक दवाएं और ड्रिप दी गई है। फिलहाल सभी की स्थिति स्थिर है।
●फूड पॉइजनिंग की आशंका, कारण स्पष्ट नहीं..
बारात में एक साथ सात लोगों के उल्टी-दस्त से पीड़ित होने के बाद फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, बीमारी की वास्तविक वजह की अभी पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद शादी समारोह में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। समय पर अस्पताल पहुंचने और उपचार मिलने से सभी मरीजों की स्थिति नियंत्रण में बताई गई है।







