तारों के जन्म के रहस्य सुलझाएंगे दुनिया भर के खगोलविद… आणविक बादलों में हब-फिलामेंट संरचनाओं की भूमिका पर होगा मंथन… रिपोर्ट- ( सुनील भारती) “स्टार खबर” , नैनीताल..

5

नैनीताल। तारों और तारागुच्छों का निर्माण कैसे होता है और इसमें अंतरिक्ष में मौजूद गैस एवं धूल के विशाल बादलों की क्या भूमिका रहती है, इन सवालों के जवाब तलाशने के लिए दुनिया भर के खगोलविद एक मंच पर जुटेंगे। आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज), नैनीताल की ओर से 30 नवंबर से चार दिसंबर 2026 तक कर्नाटक के मैसूरु में अंतरराष्ट्रीय खगोलीय संघ (आईएयू) की संगोष्ठी-412 का आयोजन किया जा रहा है। इसमें विभिन्न देशों के वैज्ञानिक तारों के निर्माण में महत्वपूर्ण मानी जाने वाली हब-फिलामेंट संरचनाओं पर अपने शोध और निष्कर्ष साझा करेंगे।
संगोष्ठी का प्रमुख विषय आणविक बादलों के भीतर मौजूद तंतुनुमा संरचनाओं और उनके आपसी जुड़ाव से बनने वाले सघन केंद्रों की भूमिका है। वैज्ञानिकों के अनुसार तारों का जन्म अंतरिक्ष में मौजूद गैस और धूल के विशाल आणविक बादलों में होता है। गुरुत्वाकर्षण, गैस के अशांत प्रवाह और चुंबकीय क्षेत्र जैसी प्रक्रियाएं इन बादलों की संरचना को प्रभावित करती हैं। इनके भीतर मौजूद लंबे तंतु जब आपस में मिलते हैं तो सघन क्षेत्र बनते हैं, जिन्हें हब कहा जाता है। ऐसे क्षेत्रों में विशाल तारों और तारागुच्छों के निर्माण की संभावनाएं अधिक होती हैं। इन्हीं संरचनाओं को हब-फिलामेंट संरचना कहा जाता है।

●छह देशों के विशेषज्ञ रखेंगे शोध..

संगोष्ठी में आणविक बादलों की बनावट, चुंबकीय क्षेत्रों की भूमिका, तारों के निर्माण की प्रक्रिया, युवा तारों एवं तारागुच्छों के विकास तथा कम और अधिक द्रव्यमान वाले तारों के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। अमेरिका, फ्रांस, ब्रिटेन, जापान, ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी समेत विभिन्न देशों के दस आमंत्रित विशेषज्ञ इसमें हिस्सा लेंगे। वैज्ञानिक व्याख्यान, शोध पत्र प्रस्तुतियों और पोस्टर सत्रों के माध्यम से नवीनतम अनुसंधान साझा करेंगे। साथ ही विभिन्न देशों के वैज्ञानिकों के बीच शोध सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी जोर रहेगा।

●युवा शोधार्थियों को भी मिलेगा प्रशिक्षण..

संगोष्ठी के बाद इस विषय में शोध कर रहे युवा वैज्ञानिकों और शोधार्थियों के लिए विशेषज्ञों की ओर से विशेष व्याख्यान श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य तारों के निर्माण से जुड़े आधुनिक शोध, वैज्ञानिक तकनीकों और अनुसंधान की नई संभावनाओं से युवा शोधार्थियों को परिचित कराना है।
संगोष्ठी की वैज्ञानिक आयोजन समिति के अध्यक्ष पुर्तगाल स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ पोर्टो के प्रो. नंदा कुमार तथा सह-अध्यक्ष जापान के क्यूशू विश्वविद्यालय की डॉ. डोरिस अरज़ूमैनियन हैं। स्थानीय आयोजन समिति की जिम्मेदारी एरीज के डॉ. सौरभ शर्मा अध्यक्ष के रूप में संभालेंगे, जबकि भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला (पीआरएल), अहमदाबाद के डॉ. लोकेश देवांगन सह-अध्यक्ष हैं।

●देश की प्रमुख खगोलीय शोध संस्थाओं में शामिल है एरीज..

भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत कार्यरत एरीज खगोल विज्ञान, खगोल भौतिकी और वायुमंडलीय विज्ञान के क्षेत्र में अनुसंधान करने वाला प्रमुख संस्थान है। संस्थान देवस्थल में स्थापित 3.6 मीटर देवस्थल ऑप्टिकल टेलीस्कोप (डीओटी) और चार मीटर इंटरनेशनल लिक्विड मिरर टेलीस्कोप (आईएलएमटी) जैसी महत्वपूर्ण प्रेक्षण सुविधाओं का संचालन करता है। मैसूरु में आयोजित होने वाली यह अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी तारों के जन्म और विकास से जुड़े वैज्ञानिक रहस्यों को समझने के साथ वैश्विक शोध सहयोग को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।