एरीज ने खगोल प्रेमियों को कराया बृहस्पति-शुक्र की दुर्लभ युति का दर्शन… रिपोर्ट- ( सुनील भारती) “स्टार खबर” नैनीताल..

14

नैनीताल। आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज), नैनीताल द्वारा मंगलवार को बृहस्पति और शुक्र ग्रहों की युति के अवसर पर विशेष आकाश दर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सूर्यास्त के बाद आयोजित इस कार्यक्रम में दो दर्जन से अधिक खगोल प्रेमियों एवं आगंतुकों ने दूरबीन के माध्यम से दोनों ग्रहों का अवलोकन किया और इस अद्भुत खगोलीय घटना का आनंद लिया।

कार्यक्रम के दौरान एरीज के शोध छात्रों ने उपस्थित लोगों को बृहस्पति-शुक्र युति से जुड़ी वैज्ञानिक जानकारी प्रदान की तथा दोनों ग्रहों के बारे में रोचक तथ्यों से अवगत कराया। पश्चिमी क्षितिज पर एक-दूसरे के निकट दिखाई दे रहे सौरमंडल के दो सबसे चमकीले ग्रहों का दृश्य बेहद आकर्षक रहा, जिसने खगोल प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इसी क्रम में एरीज की जनसंपर्क टीम ने सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में आयोजित राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) शिविर में भी विशेष आकाश दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में शामिल लगभग 600 कैडेटों ने दूरबीनों के माध्यम से बृहस्पति, शुक्र तथा तारों के एक समूह का अवलोकन किया और खगोल विज्ञान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

एरीज विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. वीरेंद्र यादव ने बताया कि संस्थान द्वारा समय-समय पर आयोजित किए जाने वाले ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन, विशेष रूप से विद्यार्थियों में विज्ञान एवं खगोल विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करना तथा समाज में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना है।उन्होंने कहा कि एरीज भविष्य में भी इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग अंतरिक्ष विज्ञान और खगोलीय घटनाओं के प्रति जागरूक हो सकें।