हरिद्वार। आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से जिले में छह अस्थायी बस अड्डों के निर्माण को मंजूरी प्रदान कर दी गई है। इसके साथ ही नगर में कई स्थायी एवं अस्थायी निर्माण कार्य भी तेजी से संचालित किए जा रहे हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार कुंभ मेले के दौरान शहर के भीतर यातायात का दबाव कम करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए ये अस्थायी बस अड्डे हरिद्वार शहर के बाहरी क्षेत्रों में विकसित किए जाएंगे। ऋषिकुल, भेल, मोतीचूर और बैरागी कैंप सहित अन्य नोडल क्षेत्रों को इसके लिए चिन्हित किया गया है।
कुंभ मेला अधिकारी सोनिका ने बताया कि कार्यदायी संस्थाओं द्वारा बस अड्डों के निर्माण और आवश्यक व्यवस्थाओं की प्रक्रिया पहले से ही शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले यात्रियों को इन अस्थायी बस अड्डों तक पहुंचाने के लिए विस्तृत और सटीक रोडमैप तैयार किया गया है, जिससे श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
अधिकारियों का मानना है कि इन बस अड्डों के संचालन से मेले के दौरान यातायात व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी, भीड़ प्रबंधन में सहायता मिलेगी तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। प्रशासन का लक्ष्य कुंभ मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाना है, जिसके लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय के साथ तैयारियां जारी हैं।







