उत्तराखंड थराली। आगामी मानसून एवं संभावित आपदाओं को देखते हुए तहसील सभागार थराली में उपजिलाधिकारी यशवीर सिंह की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, ब्रिडकुल, बीआरओ, सशस्त्र सीमा बल, वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, जल संस्थान सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में उपजिलाधिकारी ने विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने सड़क निर्माणदायी संस्थाओं को आपदा के दौरान बंद होने वाले मार्गों को शीघ्र खोलने के लिए पर्याप्त संख्या में जेसीबी मशीनें एवं अन्य संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। जल संस्थान को आपदा की स्थिति में पेयजल आपूर्ति सुचारु बनाए रखने तथा विद्युत विभाग को झूलते तारों और अन्य संभावित खतरों को समय रहते दूर कर विद्युत आपूर्ति बाधित न होने देने के निर्देश दिए गए।
उपजिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग से तहसील क्षेत्र में पंजीकृत गर्भवती महिलाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक संसाधन एवं व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने को कहा। साथ ही पूर्ति विभाग को निर्देशित किया कि दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में 15 जून तक सितंबर माह तक का खाद्यान्न भंडारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आपदा की स्थिति में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक के दौरान उपजिलाधिकारी ने सभी विभागों को मानसून अवधि में पूर्ण सतर्कता बरतने तथा आपदा की किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए हर समय अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय और समय पर कार्रवाई से जनहानि एवं नुकसान को न्यूनतम किया जा सकता है।







