रामनगर। कोसी नदी में नहाने के दौरान दो युवकों की मौत के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। प्रतिबंधित क्षेत्रों में नदी में उतरने वालों के खिलाफ अभियान चलाते हुए प्रशासन ने चालान और वाहन सीज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सोमवार दोपहर को कोसी बैराज क्षेत्र में नदी में नहाने के दौरान दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना के बाद सोमवार देर शाम उपजिलाधिकारी (एसडीएम) गोपाल सिंह चौहान और कोतवाल सुशील कुमार के नेतृत्व में कोसी बैराज तथा आसपास के क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान नदी में नहाने पहुंचे लोगों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान प्रशासन ने 17 वाहनों का चालान कर 4,500 रुपये का जुर्माना वसूला, जबकि पांच वाहनों को सीज किया गया। इसके अतिरिक्त पांच वाहनों के ऑनलाइन चालान भी किए गए।
एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि कोसी नदी और गर्जिया मंदिर समिति क्षेत्र के प्रतिबंधित इलाकों में नहाने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। इसके लिए पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और नदी में उतरकर हुड़दंग करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने बताया कि सिंचाई विभाग और वन विभाग को भी पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रतिबंधित क्षेत्रों में नदी में न उतरें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।







