अब घर बैठे बुक होगा आधार अपडेट का स्लॉट, डाक विभाग ने लॉन्च किया नया एप… नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में शुरू हुई सुविधा, लंबी कतारों और समय की परेशानी से मिलेगी राहत…. रिपोर्ट- (ब्यूरो ) “स्टार खबर” नैनीताल..

26
Oplus_16908288

नैनीताल। आधार से जुड़ी सेवाओं को और अधिक सरल एवं सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से डाक विभाग ने “अग्रिम आधार आरक्षण एट पोस्ट ऑफिस” एप लॉन्च किया है। इस नई सुविधा के माध्यम से नागरिक अब घर बैठे अपनी सुविधानुसार नया आधार बनवाने या आधार में संशोधन एवं अपडेट के लिए स्लॉट और समय पहले से बुक कर सकेंगे।
डाक विभाग मुख्यालय नैनीताल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एप का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर डाक विभाग के वरिष्ठ अधीक्षक (एसएसपी) अमित दत्त ने बताया कि फिलहाल यह सुविधा नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जनपद के लिए शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि विभाग के 26 केंद्रों पर आधार सेवाएं संचालित की जा रही हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आधार संबंधी कार्यों के लिए पहुंचते हैं।
अमित दत्त ने जानकारी दी कि वर्ष 2025 में डाक विभाग ने लगभग 75 हजार आधार ट्रांजेक्शन किए, जिससे करीब 50 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं वर्ष 2026 में अब तक विभाग को आधार सेवाओं से 16 लाख रुपये की आय हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि आधार केंद्रों पर अक्सर लोगों को लंबी कतारों और समय की समस्या का सामना करना पड़ता है। नई एप आधारित व्यवस्था से नागरिक पहले से अपनी आवश्यक जानकारी दर्ज कर निर्धारित समय के लिए स्लॉट बुक कर सकेंगे, जिससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि केंद्रों पर भीड़ प्रबंधन में भी सहायता मिलेगी।
डाक विभाग का मानना है कि यह पहल आधार सेवाओं को अधिक डिजिटल, पारदर्शी और जनसुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
क्या होगी सुविधा?
●घर बैठे आधार अपडेट या नया आधार बनवाने के लिए स्लॉट बुकिंग।
●अपनी सुविधानुसार तारीख और समय का चयन।
●आधार केंद्रों पर लंबी कतारों से राहत।
●फिलहाल नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में शुरू हुई सेवा।
●डाक विभाग के 26 केंद्रों पर उपलब्ध आधार सेवाएं।