नैनीताल। सीआरएसटी इंटर कॉलेज के पूर्व प्रबंधक स्वर्गीय चन्द्र लाल साह ठुलघरिया ‘बुज्यु’ के जन्मदिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में विविध सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना, स्वागत गीत तथा सीआरएसटी प्राइमरी विंग के विद्यार्थियों द्वारा राज्यगीत की प्रस्तुति से हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट तथा विशिष्ट अतिथि विधायक सरिता आर्या ने स्व. चन्द्र लाल साह के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित स्मारिका ‘एक बुज्यु, हजार यादें’ तथा पद्मश्री अनूप साह की पुस्तक ‘Echoes From The Heights (Traill’s Pass After 53 Years)’ का विमोचन किया। पुस्तकों पर विस्तृत प्रकाश छायाकार प्रदीप पांडे और ग्रुप कैप्टन अच्युत कुमार ने डाला।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार पांडेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की भूमिका प्रस्तुत की। पद्मश्री अनूप साह ने स्लाइड शो के माध्यम से स्व. चन्द्र लाल साह के जीवन, उनके सामाजिक योगदान तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए कार्यों को रेखांकित किया।
मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट ने स्व. चन्द्र लाल साह को प्रेरणादायी व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उनका जीवन समाज के लिए मार्गदर्शक है और नई पीढ़ी को उनके पदचिह्नों पर चलने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्लाइड शो देखकर उनके बचपन की अनेक यादें ताजा हो गईं। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के संगीत कक्ष के जीर्णोद्धार के लिए सांसद निधि से 5 लाख रुपये देने की घोषणा की तथा भविष्य में भी विद्यालय से जुड़े रहने का आश्वासन दिया।
विधायक सरिता आर्या ने स्व. चन्द्र लाल साह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सामाजिक, शैक्षिक एवं मानवीय योगदान को याद किया और कहा कि ऐसे व्यक्तित्व समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में प्रांजल साह, रूपसी साह, राजेश साह, सुधा साह, सिद्धार्थ साह, अदिति साह, कुँवर अक्षोभ सिंह, इरशाद नजर खान, बी.सी. नैनवाल, के.एल. शर्मा, अभिमन्यु गहलोत, आशीष नैथानी, सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति, डॉ. नारायण सिंह जंतवाल, हेमंत बिष्ट, डॉ. ललित तिवारी, गोपाल रावत, मनोज जोशी, शैलेन्द्र चौधरी, जिला अध्यक्ष माध्यमिक शिक्षक संघ सुरेश साह, नीरज श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।







