नैनीताल। 15 जून को आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार है। महोत्सव में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था, पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं।जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि कैंची धाम महोत्सव के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर मंदिर समिति ट्रस्ट, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के बीच विस्तृत चर्चा की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों से शटल सेवाओं का संचालन किया जाएगा।
उन्होंने बताया बाहरी क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए हल्द्वानी, काठगोदाम और रोडवेज क्षेत्र में शटल केंद्र बनाए गए हैं, जहां पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा भीमताल और भवाली में भी वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं सैनिटोरियम क्षेत्र में यातायात डायवर्जन लागू रहेगा।
अल्मोड़ा की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खैरना तथा पनीराम ढाबा क्षेत्र में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे यातायात का दबाव कम किया जा सके और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने सभी श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि वे कैंची धाम पहुंचकर अपनी श्रद्धा का निर्वहन करें, महाभोग का प्रसाद ग्रहण करें तथा स्थानीय परंपराओं, रीति-रिवाजों और संस्कृति का सम्मान करें। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस, परिवहन विभाग के कार्मिकों और मंदिर समिति के सेवादारों को पूरा सहयोग प्रदान करें, जिससे आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात मार्गों और सार्वजनिक आवाजाही वाले रास्तों पर किसी भी प्रकार के स्टॉल, भंडारे अथवा अन्य गतिविधियों की अनुमति नहीं होगी। यदि कोई श्रद्धालु अपनी श्रद्धा के तहत भंडारा या अन्य व्यवस्था करना चाहता है तो वह निजी संपत्ति, कॉरिडोर अथवा बरामदों में कर सकता है, लेकिन सार्वजनिक मार्गों पर ऐसी गतिविधियां पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगी।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करने और प्रशासनिक निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की है, ताकि कैंची धाम महोत्सव शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।





