नैनीताल।श्री कैंची धाम स्थापना दिवस मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर नैनीताल पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा योजना लागू की गई है।
गुरुवार को मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र श्रीमती निवेदिता कुकरेती कुमार की अध्यक्षता तथा जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रायल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में मेला ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण ब्रीफिंग आयोजित की गई।
बैठक में मेले के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
पुलिस प्रशासन द्वारा मंदिर परिसर, बैरियरों, पार्किंग स्थलों तथा प्रमुख मार्गों पर सघन एंटी-सबोटाज और बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) की जांच सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा प्रभावी यातायात एवं डायवर्जन प्लान लागू किया गया है ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मेले के दौरान पार्किंग व्यवस्था, शटल सेवा, खोया-पाया केंद्र तथा मीडिया प्रबंधन की विशेष व्यवस्था भी की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को चार सुपर जोन और 14 जोन में विभाजित कर व्यापक पुलिस बल की तैनाती की गई है।
मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए 03 एसएसपी/एसपी, 08 अपर पुलिस अधीक्षक, 14 क्षेत्राधिकारी, 26 निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष, 146 उपनिरीक्षक/सहायक उपनिरीक्षक, 475 हेड कांस्टेबल एवं कांस्टेबल तथा 455 रिक्रूट कांस्टेबल तैनात रहेंगे। इसके अतिरिक्त दो कंपनियां केंद्रीय अर्धसैनिक बल (CAPF), दो कंपनियां एवं दो प्लाटून पीएसी, साथ ही एसडीआरएफ, अग्निशमन और बीडीएस टीमों को भी तैनात किया गया है।
नैनीताल पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का अनुपालन करें तथा मेला व्यवस्था को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें। पुलिस प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।





