कैंची धाम में श्रद्धालुओं का सैलाब, शटल सेवाओं से सुगम हुए दर्शन… एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने श्रद्धालुओं से क्या कहा देखें वीडियो… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल…

88

नैनीताल। श्री कैंची धाम स्थापना दिवस के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि पुलिस, प्रशासन और परिवहन विभाग के समन्वित प्रयासों से यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारु बनी हुई है।
एसएसपी ने बताया कि पिछले कई दिनों की तैयारियों के बाद जिलेभर में स्टिकर प्रणाली लागू की गई है तथा भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। उन्होंने कहा कि आम श्रद्धालुओं के सहयोग से यातायात व्यवस्था बेहतर बनी हुई है और हल्द्वानी से चलने वाला यात्री लगभग एक घंटे में निर्धारित बैरियर तक पहुंच सकता है।

उन्होंने बताया कि कैंची धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भीमताल, भवाली और सैनिटोरियम क्षेत्रों में रोडवेज और केमू की बड़ी संख्या में शटल सेवाएं संचालित की जा रही हैं। किसी भी दिशा से आने वाले श्रद्धालु भवाली चौराहे तक पहुंचकर वहां से शटल सेवा का लाभ लेते हुए आसानी से कैंची धाम पहुंच सकते हैं।
एसएसपी के अनुसार सुबह पांच बजे तक ही 15 से 20 हजार से अधिक श्रद्धालु कैंची धाम क्षेत्र में पहुंच चुके थे और दर्शनार्थियों की कतार लगातार बढ़ रही है। शटल सेवाएं लगातार संचालित होने से श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन करने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में कैंची धाम पहुंचें, शटल सेवाओं का उपयोग करें तथा प्रकृति की गोद में स्थित बाबा के पावन धाम में दर्शन कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त करें। प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा, यातायात एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।