नैनीताल। मुक्तेश्वर सप्ताहांत पर पर्यटकों की भीड़ से खचाखच भरे मुक्तेश्वर-भटेलिया मोटर मार्ग पर शनिवार अपराह्न उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक रेंटल स्कूटी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते स्कूटी आग के गोले में तब्दील हो गई और पूरी तरह जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार एक स्थानीय युवक ने कसियालेख बाजार से किराये पर स्कूटी ली थी। दोपहर करीब तीन बजे जब वह मोहन चौक क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी स्कूटी में अचानक आग लग गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए स्कूटी को जाम से निकालकर आईवीआरआई मोहन चौक के समीप सड़क किनारे खड़ा कर दिया। कुछ ही देर में आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के दौरान सड़क पर भारी जाम की स्थिति बनी रही और आसपास मौजूद पर्यटकों तथा स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि मुक्तेश्वर में स्कूटी जलने की यह पहली घटना है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने क्षेत्र में संचालित रेंटल स्कूटी सेवाओं पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि कई स्कूटियां बिना फिटनेस और आवश्यक दस्तावेजों के संचालित की जा रही हैं तथा यातायात नियमों की अनदेखी कर पर्यटकों को ढोया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रास बाजार से मुक्तेश्वर मंदिर तक रेंटल स्कूटियों के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है।
स्थानीय नागरिकों ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में 20 से 30 रेंटल स्कूटियां शटल सेवा के रूप में संचालित हो रही हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। होटल एसोसिएशन और होमस्टे एसोसिएशन से जुड़े लोगों ने भी रेंटल स्कूटी एवं बाइक संचालन को नियंत्रित करने अथवा प्रतिबंधित करने की मांग उठाई है।
लोगों का कहना है कि पर्यटकों की बढ़ती संख्या के बावजूद मुक्तेश्वर में अग्निशमन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, जिससे ऐसी घटनाओं के दौरान जोखिम और बढ़ जाता है।
थानाध्यक्ष मुक्तेश्वर विजय सिंह ने बताया कि आग लगने से एक रेंटल स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्कूटी किराये पर ली गई थी और चलते समय उसमें अचानक आग लग गई। मामले की जांच की जा रही है।







