नैनीताल। 21 जून को आयोजित होने वाली NEET री-एग्जाम को लेकर पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाएं लागू कर दी हैं। पुलिस अधिकारियों ने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
अधिकारियों के अनुसार परीक्षा निर्धारित समय पर आयोजित होगी। परीक्षा केंद्रों पर सुबह 11 बजे के बाद प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसमें अभ्यर्थियों का सत्यापन भी किया जाएगा। ऐसे में परीक्षार्थियों को समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों में केवल अभ्यर्थियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। किसी भी अभिभावक, रिश्तेदार या अन्य व्यक्ति को केंद्र के 100 मीटर के दायरे में आने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नैनीताल के सभी 11 परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 बीएनएसएस लागू रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए केंद्रों पर पुलिस, पीएसी तथा अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। अभ्यर्थियों को केवल अपना प्रवेश पत्र (हॉल टिकट) और एक छोटी पानी की बोतल साथ लाने की अनुमति होगी। पेन, पेंसिल, शार्पनर, इरेज़र समेत अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं परीक्षा केंद्र में ले जाना पूरी तरह वर्जित रहेगा।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन ने रविवार सुबह 6 बजे से भारी एवं मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है, जिससे परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पुलिस अधिकारियों ने सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए शुभकामनाएं देते हुए नियमों का पालन करने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।







