विश्व योग दिवस पर सीआरएसटी इंटर कॉलेज में योग व ध्यान शिविर, विद्यार्थियों ने सीखी स्वस्थ जीवन की कला…. रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल…

19
oplus_2

नैनीताल। विश्व योग दिवस के अवसर पर सीआरएसटी इंटर कॉलेज, नैनीताल में हार्टफुलनेस संस्था नैनीताल के सहयोग से योग एवं ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योगाभ्यास किया तथा ध्यान के महत्व को समझा।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षक कनिका राज सिंह ने विद्यार्थियों को योग एवं ध्यान की विभिन्न मुद्राओं की जानकारी दी और उनके नियमित अभ्यास से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों के बारे में बताया। छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
प्रशिक्षक रूपसी साह एवं गीता सरीन ने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में योग और ध्यान संजीवनी का कार्य करते हैं। इससे व्यक्ति को मानसिक शांति, शारीरिक सुदृढ़ता तथा आत्मिक मजबूती प्राप्त होती है। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करने और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने में सहायक है।
इस अवसर पर स्लाइड शो के माध्यम से हार्टफुलनेस संस्था की गतिविधियों की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि संस्था का मुख्य केंद्र कान्हा शांति वनम, हैदराबाद (तेलंगाना) में स्थित है तथा इसके केंद्र विश्व के 160 देशों में संचालित हैं। भारत में संस्था के लगभग छह हजार केंद्र कार्यरत हैं। स्लाइड शो के माध्यम से योग एवं ध्यान की अवधारणाओं को भी विस्तार से समझाया गया।
कार्यक्रम में सीआरएसटी इंटर कॉलेज, सीआरएसटी प्राइमरी विंग, भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय नैनीताल तथा भारतीय शहीद सैनिक स्मारक विद्यापीठ सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
इस दौरान हार्टफुलनेस संस्था के प्रशिक्षक प्रांजल साह, रूपसी साह, गीता सरीन, योगेश वर्मा, संगीता तडागी, दीपक गुरूरानी, प्रियंका सरीन, सुरुचि साह और आशीष मेहता सहित विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक डॉ. एस.एस. बिष्ट, दीपा बिष्ट, राजेश लाल, अनुपम उपाध्याय, रितेश साह, राजेश कुमार, विपिन चंद्र और हर्षित कुमार तथा अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन गीता सरीन एवं रूपाली लाम्बा ने किया। हार्टफुलनेस संस्था की ओर से बताया गया कि योग एवं ध्यान का प्रशिक्षण संस्था द्वारा निःशुल्क प्रदान किया जाता है। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार पांडे ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।