कैंची धाम में स्कॉर्पियो का कहर… कई वाहनों को मारी टक्कर, श्रद्धालुओं में मची भगदड़… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

237
Oplus_16908288

नैनीताल/कैंची धाम। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सवार चार युवकों ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए कई वाहनों को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन चालक ने सड़क पर मौजूद लोगों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा की भी परवाह नहीं की, जिससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो ने पहले सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को टक्कर मारी।

इस दौरान कुछ श्रद्धालु भी इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बचे। लोगों का आरोप है कि वाहन सवार युवक नशे जैसी हालत में प्रतीत हो रहे थे और लगातार लापरवाही से वाहन दौड़ा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अनियंत्रित स्कॉर्पियो अंततः सड़क किनारे एक बिजली के खंभे से जा टकराई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चारों युवकों को पकड़ लिया। आरोप है कि पकड़े जाने के बाद भी युवक लोगों से अभद्रता और दबंगई दिखाने लगे।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चारों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
घटना के बाद कैंची धाम क्षेत्र में काफी देर तक तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने ऐसे लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।