सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत जिले में लगेंगे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर.. 17 जुलाई से शुरू होगा अभियान, ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे उपचार… रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर ”  नैनीताल…

6

नैनीताल। सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जनपद नैनीताल के विभिन्न ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मरीजों का परीक्षण कर परामर्श, दवाइयां तथा विभिन्न जांच सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में मंगलवार को आयोजित दिशा (DISHA) समिति की बैठक में सांसद अजय भट्ट ने शिविरों की जानकारी देते हुए कहा कि विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ परामर्श, आवश्यक दवा वितरण, ब्लड प्रेशर व ब्लड शुगर की जांच, टीबी स्क्रीनिंग, गर्भवती महिलाओं की जांच, आवश्यक पैथोलॉजी जांच, जहां उपलब्ध होगी वहां एक्स-रे सुविधा, आयुष्मान भारत कार्ड एवं आभा आईडी बनाने सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने बताया कि अल्ट्रासाउंड की सुविधा पदमपुरी, गरमपानी, हल्दूचौड़ और कोटाबाग में उपलब्ध रहेगी।

शिविरों का कार्यक्रम

  • 17 से 19 जुलाई – प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पदमपुरी
  • 20 से 22 जुलाई – प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, दौलतपुर
  • 23 से 25 जुलाई – सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोटाबाग
  • 27 से 29 जुलाई – प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, खनसूय (ओखलकांडा)
  • 30 जुलाई से 1 अगस्त – सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रामगढ़
  • 3 से 5 अगस्त – सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मालधन चौड़
  • 10 से 12 अगस्त – सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भीमताल
  • 13 से 15 अगस्त – सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गरमपानी
  • सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि अभियान का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के निकट ही गुणवत्तापूर्ण विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने लोगों से निर्धारित तिथियों पर अपने नजदीकी स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।