वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा व शहर की समस्याओं के समाधान को लेकर डीएम को सौंपा ज्ञापन.. सेवानिवृत्त राजकीय पेंशनर्स कल्याण एसोसिएशन ने उठाईं पुलिस गश्त, स्वास्थ्य सुविधाओं और यातायात सुधार की मांग… रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर ” नैनीताल..

69

नैनीताल। सेवानिवृत्त राजकीय पेंशनर्स कल्याण एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिलाधिकारी नैनीताल को वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा शहर की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जिलाधिकारी ने ज्ञापन में शामिल मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
एसोसिएशन के महामंत्री बहादुर सिंह बिष्ट ने बताया कि संगठन की पूर्व बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार पेंशनर्स एवं शहर की प्रमुख समस्याओं के निराकरण के लिए यह ज्ञापन सौंपा गया। जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर समस्याओं के शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा।
ज्ञापन में वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए सभी पुलिस थानों में अलग हेल्पलाइन स्थापित करने की मांग की गई। साथ ही शहर के संवेदनशील क्षेत्रों—राजभवन से डीएसबी परिसर मार्ग, आयारपाटा से पुरानी शराब भट्टी मार्ग, सात नंबर रामलीला मैदान से स्नो व्यू मंदिर मार्ग, रॉयल होटल क्षेत्र से मोहन को चौराहा मार्ग तथा कुमाऊँ विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन से बारह पत्थर मार्ग तक नियमित पुलिस गश्त एवं आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाने की मांग भी उठाई गई।
एसोसिएशन ने निजी एवं सरकारी अस्पतालों में वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता के आधार पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, अस्पतालों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग पंजीकरण काउंटर स्थापित करने तथा इसकी सूचना प्रदर्शित करने की भी मांग की। इसके अलावा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावों का प्राथमिकता से निस्तारण करने और गोल्डन कार्ड योजना के प्रावधानों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित कराने की मांग भी रखी गई।
ज्ञापन में नैनीताल शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा गया कि अव्यवस्थित ट्रैफिक का सबसे अधिक असर वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों पर पड़ रहा है। इसलिए शहर में वन-वे व्यवस्था को सख्ती से लागू करने और यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल में मंजू बिष्ट, लक्ष्मण रावत, रेखा द्विवेदी, त्रिलोक सिंह रौतेला, गिरीश जोशी, नरेंद्र रावत, ललित पांडे, यतेंद्र कुमार शाह, सुनील शाह, नरेंद्र सिंह रावत सहित एसोसिएशन के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।