एरीज में आदित्य-एल1 पर 10 दिवसीय कार्यशाला संपन्न, युवा वैज्ञानिकों को मिला उन्नत प्रशिक्षण… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

5

नैनीताल। आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और एरीज के संयुक्त तत्वावधान में संचालित आदित्य-एल1 सपोर्ट सेल की 13वीं कार्यशाला का सफल समापन हो गया। छह से 15 जुलाई तक आयोजित इस दस दिवसीय कार्यशाला में देशभर के शोधार्थियों और युवा वैज्ञानिकों को सूर्य के अध्ययन तथा आदित्य-एल1 मिशन से जुड़े वैज्ञानिक पहलुओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।कार्यशाला का उद्देश्य प्रतिभागियों को आदित्य-एल1 मिशन के वैज्ञानिक उद्देश्यों, विभिन्न पेलोडों और सौर भौतिकी से संबंधित आंकड़ों के विश्लेषण की आधुनिक तकनीकों से परिचित कराना था। इस दौरान विशेषज्ञ वैज्ञानिकों ने सूर्य विज्ञान, मिशन से प्राप्त आंकड़ों के प्रभावी उपयोग, वैज्ञानिक शोध प्रस्ताव तैयार करने और अत्याधुनिक डेटा विश्लेषण विधियों पर विस्तृत व्याख्यान दिए। साथ ही प्रतिभागियों को प्रयोगात्मक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।कार्यशाला में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों से आए 32 विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने सौर अनुसंधान के विभिन्न पहलुओं को समझने के साथ मिशन से प्राप्त आंकड़ों के वैज्ञानिक उपयोग की बारीकियां सीखीं।समापन अवसर पर एरीज के निदेशक डॉ. मनीष कुमार नजा ने कहा कि आदित्य-एल1 सपोर्ट सेल का उद्देश्य देश में सौर भौतिकी अनुसंधान को नई गति देना और युवा शोधकर्ताओं का एक मजबूत उपयोगकर्ता समूह तैयार करना है, ताकि आदित्य-एल1 मिशन से प्राप्त आंकड़ों का व्यापक उपयोग कर उच्च गुणवत्ता वाले शोध को बढ़ावा दिया जा सके।कार्यशाला का संयोजन डॉ. एस. कृष्णाप्रसाद, प्रभारी, आदित्य-एल1 सपोर्ट सेल ने किया। आयोजन को प्रतिभागियों ने ज्ञानवर्धक और शोध कार्य के लिए उपयोगी बताया।