नैनीताल। सीमांत मुनस्यारी विकासखंड के माइग्रेशन गांव रालम में ग्रामीण इन दिनों एक साथ कई गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। गांव में वायरल बुखार और जुकाम के तेजी से फैलने से बड़ी संख्या में लोग बीमार हैं, वहीं भालुओं के बढ़ते आतंक और सड़क, बिजली व संचार जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव ने ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
गांव पहुंचे जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि एवं यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम दानू ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बताया कि वायरल बुखार और जुकाम के कारण कई लोग प्रभावित हैं, लेकिन गांव में स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं होने से उपचार में दिक्कतें आ रही हैं।
उन्होंने जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और उपजिलाधिकारी मुनस्यारी से तत्काल स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर दवाइयों और उपचार की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की।ग्रामीणों ने गांव में भालुओं के बढ़ते आतंक का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि वन्यजीवों के कारण मकानों को नुकसान पहुंच रहा है और लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। विक्रम दानु प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने तथा प्रत्येक घर को सुरक्षा के लिए आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की।उन्होंने बताया सीमांत गांव रालम को आज भी सड़क, बिजली और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं का इंतजार है। उन्होंने सरकार से गांव तक मोटर मार्ग निर्माण, विद्युत लाइन बिछाने, बीएसएनएल टावर स्थापित करने और तत्काल वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि इन सुविधाओं के अभाव में ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा और संचार सेवाओं के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।इस मौके पर सरपंच बूई बहादुर बगड़ी, सरपंच क्वीरिजिमिया किशोर सिंह, संदीप रिंगवाल, प्रदीप बगड़ी, हरीश सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।







