नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) देहरादून द्वारा जनपद नैनीताल में 20 जुलाई को भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने सोमवार, 20 जुलाई 2026 को जनपद के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
जारी आदेश के अनुसार यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए ही नहीं, बल्कि विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं कार्यालयी कर्मचारियों पर भी लागू रहेगा। हालांकि नैनीताल नगर के ऐसे आवासीय (बोर्डिंग) विद्यालय, जहां छात्र एवं शिक्षक एक ही परिसर में निवास करते हैं, उन्हें इस आदेश से छूट दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार जिले के पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में लगातार रुक-रुक कर वर्षा हो रही है। इसके चलते नदी-नालों और गधेरों का जलस्तर बढ़ने, संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन तथा सड़क अवरुद्ध होने की आशंका बनी हुई है। इसी को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनज़र यह निर्णय लिया गया है।
जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने जनपदवासियों और पर्यटकों से भी अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, गधेरों और संवेदनशील पहाड़ी मार्गों के आसपास जाने से बचें तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करते हुए सतर्कता बरतें।







