बारिश के बाद धूपकोठी में टूटी सुरक्षा दीवार, रिहायशी क्षेत्र में गिरे विशाल पत्थर; टला बड़ा हादसा… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल…

45

बारिश के बाद धूपकोठी में टूटी सुरक्षा दीवार, रिहायशी क्षेत्र में गिरे विशाल पत्थर; टला बड़ा हादसा…

रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल…

नैनीताल।लगातार हो रही बारिश के बीच नैनीताल में भूस्खलन का खतरा बढ़ने लगा है। मल्लीताल क्षेत्र के धूपकोठी के पास पंगोट मार्ग से लगी सुरक्षा दीवार का एक हिस्सा देर रात भरभराकर टूट गया, जिससे पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर नीचे रिहायशी क्षेत्र और सीसी मार्ग पर आ गिरे। घटना देर रात करीब दो बजे की है। गनीमत रही कि उस समय सभी लोग अपने घरों में थे, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।स्थानीय लोगों के अनुसार तेज बारिश के दौरान अचानक पत्थर गिरने की तेज आवाज सुनाई दी, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। लोग घरों से बाहर निकले तो देखा कि विशाल बोल्डर मकानों के आसपास और सीसी मार्ग पर गिरे पड़े हैं। एक बड़ा पत्थर एक बुजुर्ग महिला के मकान की छत पर भी जा गिरा। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह हादसा दिन के समय होता तो सीसी मार्ग पर लोगों की आवाजाही, बच्चों के खेलने और दोपहिया वाहनों के आवागमन के कारण बड़ी जनहानि हो सकती थी। सुरक्षा दीवार टूटने से क्षेत्र में रहने वाले लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और आवश्यक सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए। वहीं लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता दिनेश गिरिराज ने भी मौके का निरीक्षण किया। विभाग ने सीसी मार्ग पर गिरे पत्थरों को हटाने का कार्य शुरू कर दिया है। सहायक अभियंता ने बताया कि क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार के पुनर्निर्माण का कार्य एक सप्ताह के भीतर शुरू कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी चायना पीक क्षेत्र से बड़े-बड़े बोल्डर गिरने की घटनाएं सामने आई थीं। अब सुरक्षा दीवार टूटने की इस घटना ने पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्थायी सुरक्षा उपाय करने और संवेदनशील क्षेत्रों में तत्काल भूस्खलन निरोधक कार्य कराने की मांग की है।