बिना फिटनेस का कूड़ा वाहन बना हादसे की वजह, चढ़ाई पर पीछे लुढ़ककर कार से टकराया; बड़ा हादसा टला… रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर ” नैनीताल…

40
Oplus_16908288

नैनीताल। नगर पालिका नैनीताल का कूड़ा उठाने वाला एक वाहन सोमवार को आवागढ़ क्षेत्र में चढ़ाई चढ़ते समय अचानक अनियंत्रित होकर पीछे की ओर लुढ़क गया और सड़क किनारे खड़ी एक कार से जा टकराया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि घटना के समय कोई राहगीर वाहन की चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कूड़ा वाहन चढ़ाई पर आगे बढ़ रहा था, तभी वह अचानक पीछे की ओर लुढ़कने लगा और कुछ ही सेकंड में सड़क किनारे खड़ी कार से जा भिड़ा। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक तौर पर वाहन के ब्रेक फेल होने की चर्चा रही।

Oplus_16908288

घटना के बाद सामने आया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन की फिटनेस वर्ष 2021 में ही समाप्त हो चुकी थी। ऐसे में करीब पांच वर्षों से बिना वैध फिटनेस के वाहन के संचालन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उल्लेखनीय है कि हाल ही में जल संस्थान के एक ट्रक की चपेट में आने से दो महिला पर्यटक घायल हुई थीं, जिसके बाद क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) ने बिना फिटनेस संचालित 148 सरकारी वाहनों को नोटिस जारी किए थे। इसके बावजूद नगर पालिका का वाहन सड़क पर दौड़ता रहा।
उधर, नगर पालिका प्रशासन ने ब्रेक फेल होने की बात से इनकार किया है। पालिका का कहना है कि वाहन का टायर फटने के कारण वह पीछे की ओर लुढ़क गया। साथ ही यह भी दावा किया गया कि पालिका के सभी वाहनों की फिटनेस कराने की प्रक्रिया जारी है।
हालांकि सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि जब वाहन की फिटनेस वर्षों पहले समाप्त हो चुकी थी, तो उसे सड़क पर कैसे संचालित किया जा रहा था? यह लापरवाही भविष्य में किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। घटना ने सरकारी विभागों के वाहनों की फिटनेस और नियमित जांच व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।