नैनीताल। नगर पालिका परिषद भवाली के सभागार में सोमवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शासन द्वारा नामित सभासद उमा पढ़ालनी एवं पवन भाकुनी को पालिका अध्यक्ष पंकज कुमार आर्य ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर दोनों नामित सभासदों का पालिका परिवार की ओर से फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए पालिका अध्यक्ष पंकज कुमार आर्य ने कहा कि नगर पालिका बोर्ड में शामिल दोनों नामित सभासदों के सहयोग से जनहित के कार्यों को सामूहिक सहभागिता और समन्वय की भावना के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों नए सदस्य नगर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
नवनियुक्त सभासद उमा पढ़ालनी और पवन भाकुनी ने अपने संबोधन में कहा कि वे नगर के सार्वजनिक हित से जुड़े प्रत्येक कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए पालिका को पूरा सहयोग देंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भवाली के चहुंमुखी विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम को पूर्व पालिका अध्यक्ष संजय वर्मा, सभासद मुकेश कुमार, नाजमा खान, तुलसी जोशी, सपना कुमारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष पंकज अद्विती, अल्पसंख्यक आयोग सदस्य मुहम्मद जावेद, कार्यकारी अधिशासी अधिकारी इंद्र कपिल, वरिष्ठ लिपिक पंकज जोशी तथा लेखाकार साक्षी शर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।







