नैनीताल। रामगढ़ क्षेत्र के छतौली गांव में महिलाओं और युवतियों से कथित छेड़छाड़ के आरोप में ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों और महिलाओं ने दो मजदूरों की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद उनके चेहरे पर कालिख पोतकर जूतों की माला पहनाई गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को कुछ मजदूर आम की तलाश में छतौली गांव पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने स्थानीय महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ की। ग्रामीणों ने जब इसका विरोध करते हुए उन्हें समझाने का प्रयास किया तो दोनों मजदूर कथित तौर पर मारपीट पर उतारू हो गए। इससे नाराज ग्रामीणों और महिलाओं ने उन्हें पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही भवाली कोतवाली और खैरना चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों आरोपितों को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया और उन्हें पूछताछ के लिए थाने ले गई।
भवाली कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों अपने अन्य साथियों के साथ रामगढ़ क्षेत्र में मजदूरी के लिए आए थे। मामले में महिलाओं से छेड़छाड़ की शिकायत मिली है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







