कैंची धाम दर्शन के बाद नदी में नहाना पड़ा भारी, जयपुर के छात्र की डूबने से मौत… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

176

नैनीताल। कैंची धाम के दर्शन कर केदारनाथ जा रहे राजस्थान के जयपुर निवासी चार युवकों में से एक की रामगढ़ पुल के पास नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन युवक को बचाया नहीं जा सका।

  1. जानकारी के अनुसार, राजस्थान के जयपुर निवासी चार दोस्त शनिवार को कैंची धाम में दर्शन करने के बाद केदारनाथ की ओर रवाना हुए थे। रास्ते में गर्मपानी क्षेत्र स्थित रामगढ़ पुल के पास जल विद्युत परियोजना के समीप उन्होंने नदी देखी और नहाने के लिए उतर गए। इसी दौरान 21 वर्षीय प्रिंस भगौरिया तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया।
    साथियों ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और युवक को बचाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद प्रिंस का शव नदी से बाहर निकाला गया।

    घटना के बाद मृतक के तीनों साथी सदमे में हैं। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। भवाली कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा तथा खैरना चौकी प्रभारी सतीश उपाध्याय पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे।
    भवाली के कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि चारों युवक जयपुर के रहने वाले हैं और आपस में दोस्त हैं। वे कैंची धाम के दर्शन के बाद आगे यात्रा पर जा रहे थे। रामगढ़ पुल के पास नदी में नहाते समय एक युवक तेज बहाव में बह गया। एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकालकर खैरना अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। घटना के संबंध में साथ आए तीनों युवकों से पूछताछ की जा रही है।