नैनीताल। लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार दोपहर नैनीताल-हल्द्वानी हाईवे पर बल्दियाखान के समीप दो विशालकाय पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को घंटों तक भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
संयोगवश इसी दौरान कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत भी जाम में फंस गए। हालात की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने मौके से ही आपदा प्रबंधन टीम को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर मार्ग खोलने के निर्देश दिए।
निर्देश मिलते ही आपदा प्रबंधन टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद हाईवे पर गिरे दोनों विशालकाय पेड़ों को काटकर हटाया।
पेड़ों को हटाने के बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ और दोनों ओर फंसे वाहनों की आवाजाही सुचारु रूप से शुरू कराई गई।
लगातार बारिश के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और पेड़ गिरने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और आवश्यक होने पर पूरी सतर्कता के साथ सफर करने की अपील की है।







