लोकगीत-सुगम संगीत प्रतियोगिता की तैयारियां तेज, 9 तक होंगी प्रविष्टियां… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

6

नैनीताल। युगमंच और शारदा संघ के संयुक्त तत्वावधान में गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 12 और 13 सितंबर को लोकगीत एवं सुगम संगीत प्रतियोगिताओं का आयोजन शारदा संघ सभागार में किया जाएगा। युगमंच की रंग यात्रा के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इस बार आयोजन को और भव्य रूप दिया जा रहा है।
युगमंच के उपाध्यक्ष नवीन बेगाना ने बताया कि 12 सितंबर शनिवार को शाम चार बजे से लोकगीत प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रतियोगिता 15 वर्ष से कम और 15 वर्ष से अधिक आयु के दो वर्गों में होगी। प्रतिभागी गढ़वाली, कुमाऊंनी या जौनसारी किसी भी लोकगीत की प्रस्तुति दे सकेंगे। प्रतिभागियों को प्रस्तुति के बोल आवेदन पत्र पर पहले से लिखकर देने होंगे।
वहीं 13 सितंबर रविवार को शाम चार बजे से सुगम संगीत प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें भी 15 वर्ष से कम और 15 वर्ष से अधिक आयु के दो वर्ग होंगे। प्रतिभागी भजन अथवा गजल प्रस्तुत कर सकेंगे। प्रस्तुति के बोल आवेदन पत्र पर पहले से उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।
युगमंच के सचिव मनोज कुमार मनु के अनुसार दोनों प्रतियोगिताओं के वरिष्ठ वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 2000 रुपये, द्वितीय को 1200 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 800 रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। जूनियर वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमश: 1500, 1000 और 600 रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा सांत्वना पुरस्कार के रूप में प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को 9 सितंबर तक 200 रुपये आवेदन शुल्क के साथ आवेदन पत्र जमा करना होगा। शारदा संघ के उपाध्यक्ष चंद्र लाल शाह ने बताया कि आवेदन पत्र शारदा संघ कार्यालय अथवा इंतखाब क्लॉथ स्टोर, गाड़ी पड़ाव से प्राप्त किए जा सकते हैं। पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर प्रत्येक वर्ग में पहले 15 प्रतिभागियों को ही अवसर दिया जाएगा। प्रत्येक प्रतिभागी को प्रस्तुति के लिए अधिकतम पांच मिनट का समय मिलेगा।
आयोजन को सफल बनाने में कार्यक्रम के प्रायोजक चंद्रेश शाह ‘शक्ति’ के साथ प्रो. देवेंद्र बिष्ट, चंद्र लाल शाह, जहूर आलम, भास्कर बिष्ट, नवीन बेगाना, मनोज कुमार, डॉ. हिमांशु पांडे, रफत आलम, डीके शर्मा, राजा शाह आदि सहयोग कर रहे हैं।