भारी बारिश के अलर्ट पर नैनीताल में स्कूल बंद, आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश…. रिपोर्ट- (ब्यूरो) “स्टार खबर” नैनीताल..

73

नैनीताल। मौसम विभाग की ओर से पांच सितंबर को जनपद में भारी से बहुत भारी वर्षा और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने शनिवार को जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। कक्षा एक से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों के साथ ही समस्त आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल की ओर से शुक्रवार को जारी आदेश में कहा गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के चार सितंबर को जारी पूर्वानुमान के अनुसार पांच सितंबर को जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की आशंका भी जताई गई है।प्रशासन ने नदी-नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए यह निर्णय लिया है। अवकाश के दौरान विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।
हालांकि, आदेश नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शिक्षण संस्थानों पर लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।
मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सभी संबंधित विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

शनिवार को बंद रहेंगे

– कक्षा एक से 12 तक के सभी शासकीय विद्यालय
– अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालय
– सभी आंगनबाड़ी केंद्र
– विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य
इन पर लागू नहीं होगा आदेश
नैनीताल शहर के वे आवासीय शिक्षण संस्थान, जहां छात्र-छात्राओं के रहने और पढ़ाई की सुविधा एक ही परिसर में उपलब्ध है।