नैनीताल। राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में शुक्रवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तल्लीताल स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समीप ‘कॉल फॉर प्रोटेस्ट’ अभियान चलाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संदेश देते हुए युवाओं से रुद्रपुर में आयोजित होने वाले विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष नीरज कुमार (मोनू) ने किया। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह 10 बजे रुद्रपुर कलेक्टर कार्यालय में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में विरोध-प्रदर्शन प्रस्तावित है। उन्होंने युवाओं से बड़ी संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान गरिमा धोनी ने भारतीय संविधान के प्रथम पृष्ठ का वाचन किया। इसके माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का संचालन युवा कांग्रेस नगर अध्यक्ष बंटू आर्या ने किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष शिवम बजाज, गुंजन रौतेला, रविन्द्र राठौर, जलज वर्मा, सिद्धार्थ सिंह सहित युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।







