नैनीताल। डीएसबी परिसर, कुमाऊं विश्वविद्यालय में शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को गरिमापूर्ण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नौसेना एनसीसी कैडेट्स की ओर से कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी को गार्ड ऑफ ऑनर देने के साथ हुई। परिसर निदेशक प्रो. संजय पंत ने अतिथियों का स्वागत किया।
समारोह में कुमाऊं विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति एवं विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र प्रो. (कर्नल) सतपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि शिक्षक का दायित्व केवल विद्यार्थियों को विषय का ज्ञान देना नहीं है, बल्कि उन्हें जीवन में उच्चतम स्तर तक पहुंचने के लिए प्रेरित और मार्गदर्शित करना भी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिक्षक की इच्छा होती है कि उसके विद्यार्थी जीवन के हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर विश्वविद्यालय और समाज का नाम रोशन करें।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षक की भूमिका में व्यापक बदलाव आया है। शिक्षक को अध्यापक के साथ-साथ विद्यार्थियों के मार्गदर्शक और फैसिलिटेटर की भूमिका भी निभानी होगी। विद्यार्थियों के साथ व्यक्तिगत संवाद स्थापित कर उनके मन और भावनाओं को समझना तथा शिक्षक-विद्यार्थी के बीच की दूरी कम करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनावश्यक तनाव नहीं लेने की अपील करते हुए कहा कि जीवन में अंकों से अधिक महत्वपूर्ण चरित्र, संतुलन और प्रसन्नता है। अध्ययन को विद्यार्थियों की प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि जीवन को बेहतर बनाने के लिए छोटी-छोटी चीजों को भी बेहतर ढंग से करने का प्रयास करना चाहिए।
कुमाऊं विश्वविद्यालय एवं उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने शिक्षक दिवस पर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षण और कार्यप्रणाली में नवाचार अपनाना जरूरी है। नवाचार, शोध और उद्यमिता शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं। तकनीक और सूचना के विस्तार से विद्यार्थियों के सामने वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध हैं। अब संसाधनों अथवा जानकारी के अभाव को सफलता में बाधा नहीं माना जा सकता। उन्होंने कहा कि भौगोलिक चुनौतियों के बावजूद कुमाऊं के विद्यार्थी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं। शिक्षकों के निरंतर प्रयास से बेहतर परिणाम सामने आते हैं।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने शिक्षकों और विद्यार्थियों को नशामुक्त भारत अभियान की शपथ दिलाई। वहीं हिमालय बचाओ दिवस के अवसर पर नवनियुक्त कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने हिमालय के संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ दिलाई और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।समारोह में विद्यार्थियों, छात्र नेताओं, कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कार्यकर्ताओं ने दोनों कुलपतियों को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया। विश्वविद्यालय परिवार की ओर से दोनों कुलपतियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी गईं और उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की अपेक्षा व्यक्त की गई।
समारोह में सेवानिवृत्त शिक्षकों प्रो. के. बी. मेलकानी, प्रो. मंजू लता बिष्ट, प्रो. ए. बी. मेलकानी, प्रो. चित्रा पांडे और प्रो. नीता बोरा शर्मा को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि इन शिक्षकों ने अपने लंबे शिक्षण जीवन में विश्वविद्यालय और विद्यार्थियों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी शैक्षणिक एवं मानवीय विरासत नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम में कुलसचिव एवं संकायाध्यक्ष प्रो. रजनीश पांडे, प्रो. एच. सी. एस. बिष्ट, प्रो. अतुल जोशी, प्रो. एस. एस. बरगली, प्रो. रीना सिंह, प्रो. अमित जोशी, प्रो. एल. एस. लोधियाल, प्रो. एन. जी. साहू, प्रो. रीतश साह, प्रो. अर्चना नेगी साह, प्रो. चंद्रकला रावत, प्रो. ज्योति जोशी, प्रो. पी. के. गोस्वामी, प्रो. सावित्री कैरा, प्रो. संजय घिल्डियाल, प्रो. संजय टम्टा, प्रो. आरसी जोशी, एसएसजे विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. डीएस बिष्ट, छात्रसंघ अध्यक्ष करण सती, सचिव जयवर्धन सहित परिसर के शिक्षक, कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राएं, छात्र प्रतिनिधि एवं विश्वविद्यालय परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रो. ललित तिवारी ने किया।







