बेतालघाट बालिका इंटर कॉलेज में सात अतिथि शिक्षकों की तैनाती… वार्षिक स्थानांतरण से रिक्त पदों पर मिली अस्थायी नियुक्ति, एक सप्ताह में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) ” स्टार खबर” नैनीताल…

13

नैनीताल। वार्षिक स्थानांतरण के बाद रिक्त हुए शिक्षकों के पदों पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बेतालघाट में सात अतिथि शिक्षकों की तैनाती की गई है। इनमें चार अतिथि प्रवक्ता और तीन अतिथि सहायक अध्यापक एलटी शामिल हैं। शिक्षकों की कमी से जूझ रहे विद्यालय में इनकी तैनाती से छात्राओं की पढ़ाई को सुचारू रखने में मदद मिलेगी।मुख्य शिक्षा अधिकारी नैनीताल आरएस नेगी ने बताया कि मा. सर्वोच्च न्यायालय में योजित विशेष अनुज्ञा याचिका में 14 जनवरी 2020 को पारित निर्णय के अनुपालन में जारी शासनादेशों के क्रम में वार्षिक स्थानांतरण से प्रभावित अतिथि शिक्षकों को रिक्त पदों के सापेक्ष नितांत अस्थायी रूप से समायोजित किया गया है।राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बेतालघाट में अतिथि प्रवक्ता के चार पदों पर तैनाती की गई है। राजनीति विज्ञान में मंजू सुनौरी, अंग्रेजी में सपना गोस्वामी, अर्थशास्त्र में  शिखा पांडेय और हिंदी में  मुन्नी देवी को जिम्मेदारी दी गई है।अतिथि सहायक अध्यापक एलटी के तहत व्यायाम में हंसा शर्मा, विज्ञान में तृप्ता जोशी और हिंदी में हेमा देवी की तैनाती हुई है। सभी सात अतिथि शिक्षकों को विद्यालय के रिक्त पदों के सापेक्ष समायोजित किया गया है।मुख्य शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था पूरी तरह अस्थायी होगी। नियमित नियुक्ति होने पर, चाहे वह सीधी भर्ती, पदोन्नति अथवा स्थानांतरण के माध्यम से हो, अतिथि शिक्षकों की यह व्यवस्था स्वतः समाप्त हो जाएगी। अतिथि शिक्षकों को शिक्षण कार्य के लिए प्रतिमाह 25 हजार रुपये मानदेय अनुमन्य होगा। संबंधित शिक्षकों को एक सप्ताह के भीतर विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।