पंत के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें : धन सिंह रावत.. नैनीताल में भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

6

नैनीताल। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती गुरुवार को नैनीताल के पंत पार्क में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने पंडित पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक एवं गायन प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में रंग भर दिया।
नैनीताल पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत का विधायक सरिता आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धन सिंह रावत ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ स्वतंत्रता के बाद राष्ट्र निर्माण में भी उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने कहा कि पंत जी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्रहित में कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने कहा कि पंडित पंत ने उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि अल्मोड़ा में पंडित गोविंद बल्लभ पंत का मंदिर, प्रतिमा और स्मारक तैयार किया गया है।

●हर जिले में निराश्रित बच्चों के लिए हॉस्टल..

शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के प्रत्येक गांव के विद्यालय में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। आगामी चार माह में विद्यालयों को जरूरी मूलभूत सुविधाओं से सुसज्जित करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में कोई बच्चा निराश्रित है तो इसकी सूचना जिलाधिकारी को दी जाए। ऐसे बच्चों को हर जिले में बनाए गए हॉस्टलों में निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।

धन सिंह रावत ने युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल ने उपस्थित लोगों, युवाओं और विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। मंत्री ने विद्यार्थियों व आगंतुकों को दूध वितरित कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
पंत ने किसानों और वंचित वर्गों के लिए किया कार्य : सरिता विधायक सरिता आर्या ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत ने कुमाऊं के सामाजिक और राजनीतिक उत्थान के साथ देश के स्वतंत्रता आंदोलन में भी सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने किसानों, गरीबों और समाज के वंचित वर्गों के हित में काम किया। प्रशासन में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी उन्होंने महत्वपूर्ण कार्य किए। राष्ट्र के प्रति उनके योगदान के लिए उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
विधायक ने अपने क्षेत्र के दो विद्यालयों के उच्चीकरण की मांग शिक्षा मंत्री के समक्ष रखी, जिस पर मंत्री ने स्वीकृति का आश्वासन दिया।दर्जा राज्य मंत्री दिनेश चंद्र आर्या ने कहा कि पंडित पंत ने अल्मोड़ा के खुंट गांव से निकलकर राष्ट्रीय राजनीति में अपनी पहचान बनाई। स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आजाद भारत के निर्माण तक उनका योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने उद्योग, शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए। तत्कालीन नैनीताल जिले के तराई क्षेत्र में कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना भी उनके योगदानों में शामिल रही, जहां शिक्षा के साथ कृषि अनुसंधान को बढ़ावा मिला।

●पत्रकारों व मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान…

कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने पत्रकारों और विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। इनमें हिंदुस्तान के संपादक जहांगीर राजू, अमर उजाला के वरिष्ठ पत्रकार रविंद्र पांडे, गिरीश रंजन तिवारी, दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, दीपक बर्गली, भावना कांडपाल, डॉ. नेहा साह, चंद्रशेखर जोशी और चंद्रा पंत शामिल रहे। परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले खुर्पाताल निवासी नवल कुमार और कविता मेहरा को भी गोविंद बल्लभ पंत सम्मान दिया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या, दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा व दिनेश चंद्र आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, पूर्व सांसद महेंद्र सिंह पाल, पूर्व विधायक नारायण जयंतवाल सहित शिक्षा विभाग, नगर पालिका और अन्य संस्थाओं के अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।