नैनीताल। आगामी छात्रसंघ चुनाव के मद्देनजर कुमाऊं विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल पर पूर्व में पंजीकृत स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का अंतिम अवसर दिया गया है। विद्यार्थी 14 सितंबर को शाम छह बजे तक अपनी प्रवेश प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूरी कर सकेंगे।समर्थ प्रभारी की ओर से बताया गया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर लंबित प्रवेश प्रक्रिया पूरी करना आवश्यक है। इस संबंध में विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने स्तर से लंबित प्रवेश प्रक्रियाओं को निर्धारित समय तक पूरा कराना सुनिश्चित करें।विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से अंतिम तिथि और समय का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं होने की स्थिति में आगामी छात्रसंघ चुनाव की प्रक्रिया में संबंधित विद्यार्थियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।



