नैनीताल। जिला सूचना कार्यालय में सोमवार को दिवंगत जिला सूचना अधिकारी स्व. गिरिजा शंकर जोशी की स्मृति में शोक सभा आयोजित की गई। नगर के पत्रकारों तथा सूचना विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्व. जोशी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान वक्ताओं ने उनके असमय निधन को पत्रकारिता और सूचना विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार कमलेश भट्ट ने कहा कि स्व. गिरिजा शंकर जोशी अपने दायित्वों के प्रति पूरी तरह समर्पित अधिकारी थे। विपरीत परिस्थितियों में भी वह मजबूती से खड़े रहते और पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते थे। उनका असमय निधन बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि अपने सहज व्यवहार, कार्यशैली और समर्पण से स्व. जोशी ने जो पहचान बनाई, वह लंबे समय तक लोगों के बीच स्मरणीय रहेगी।
शोक सभा में मौजूद पत्रकारों ने सर्वसम्मति से जिला सूचना कार्यालय के प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल का नाम स्व. गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखा। इस संबंध में कुमाऊं मंडलायुक्त और जिलाधिकारी नैनीताल को पत्र भेजकर मांग की गई है। पत्रकारों ने कहा कि इससे उनकी स्मृतियां आने वाली पीढ़ियों तक जीवित रहेंगी।पत्रकारों के प्रस्ताव पर कमलेश भट्ट ने कहा कि स्व. जोशी की स्मृतियों और उनके उल्लेखनीय कार्यों को स्थायी रूप से यादगार बनाने के लिए सभी पक्षों से विचार-विमर्श कर उचित स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।शोक सभा के अंत में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। साथ ही ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई।
इस दौरान जिला सूचना अधिकारी अहमद नदीम, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्याम नारायण, वरिष्ठ पत्रकार चंद्रेक बिष्ट, किशोर जोशी, अफजल हुसैन फौजी, रवि पांडे, दामोदर लोहनी, कमल जगाती, तेज सिंह, गौरव जोशी, सुनील बोरा, वीरेंद्र बिष्ट, नरेश कुमार, संदीप कुमार, पंकज कुमार, नवीन तिवारी, राजू पांडे, सुरेश कांडपाल, शीतल तिवारी, गुड्डू ठठोला, तनुज पांडे, आकांक्षी, योगिता तिवारी, दीप्ति बोरा, सुमन सहित अन्य पत्रकार तथा सूचना विभाग के पवन नेगी, उमेद जीना, मोहन फुलारा, योगेश और हेमा मौजूद रहे।




