ज्योलिकोट में स्वास्थ्य विभाग ने 383 लोगों की जांच.. 54 लोगों के लिए गए रक्त नमूने, गंभीर तीन मरीज अस्पताल में भर्ती… दिल्ली से पहुंची विशेषज्ञ टीम ने जाना मरीजों का हाल… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

5

नैनीताल। ज्योलिकोट क्षेत्र में जलजनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और उपचार अभियान तेज कर दिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत की निगरानी में सोमवार को स्वास्थ्य टीमों ने शिविर लगाने के साथ ही घर-घर जाकर लोगों की जांच की। इस दौरान कुल 383 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 301 लोगों की जांच स्वास्थ्य शिविरों व घर-घर जाकर, जबकि 82 लोगों की जांच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में की गई। 54 लोगों के रक्त नमूने जांच के लिए लिए गए। गंभीर लक्षण पाए जाने पर तीन मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के साथ जिंक, ओआरएस और क्लोरीन की गोलियां भी वितरित कीं। ग्रामीणों को दूषित पानी से होने वाली बीमारियों से बचाव के तरीके बताए गए और पेयजल को सुरक्षित बनाने के लिए जागरूक किया गया।ज्योलिकोट क्षेत्र में बीमारी की स्थिति का जायजा लेने के लिए इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज (आइएलबीएस), नई दिल्ली के विशेषज्ञ चिकित्सक भी पहुंचे। टीम में हेपेटोलॉजी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सत्येंद्र पाल सिंह, क्लिनिकल वायरोलॉजी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रेशु अग्रवाल और आशीष शामिल रहे। टीम ने बेस अस्पताल हल्द्वानी, मेडिकल कॉलेज, सेंट्रल अस्पताल और चंदन अस्पताल में भर्ती ज्योलिकोट क्षेत्र के मरीजों से मुलाकात कर उनके उपचार की जानकारी ली। विशेषज्ञों ने मरीजों की दवाओं और स्वास्थ्य स्थिति की समीक्षा की। टीम के अनुसार मरीजों का उपचार उचित दिशा में चल रहा है। विशेषज्ञ टीम मंगलवार को ज्योलिकोट पहुंचकर क्षेत्र की स्थिति का भी जायजा लेगी।

●गांवों में पहुंच रहा सचल स्वास्थ्य वाहन..

स्वास्थ्य विभाग का सचल स्वास्थ्य वाहन लगातार प्रभावित गांवों में पहुंचकर लोगों की जांच कर रहा है। जरूरत के अनुसार दवाएं वितरित की जा रही हैं। साथ ही ग्रामीणों को साफ पानी पीने, आसपास स्वच्छता बनाए रखने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

●गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट ने दी विशेषज्ञ ओपीडी..

ज्योलिकोट क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नीलकंठ अस्पताल हल्द्वानी की वरिष्ठ गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट ने ओपीडी में मरीजों की जांच की। इसके अलावा टेली-कंसल्टेंसी, ई-संजीवनी और काउंसलिंग की सुविधा भी जारी है।
सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने लोगों से अपील की है कि पानी को उबालकर या सुरक्षित तरीके से शुद्ध करने के बाद ही पीने के लिए इस्तेमाल करें। व्यक्तिगत और आसपास की स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखें। उल्टी, दस्त, बुखार या अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा स्वास्थ्य विभाग की टीम से संपर्क करें।