किच्छा (ऊधम सिंह नगर)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओटीएफ कुमाऊं और किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने 122.14 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित मोटरसाइकिल से स्मैक लेकर जा रहा था। पुलिस ने उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को एसओटीएफ कुमाऊं की टीम को मुखबिर से सैजना रोड क्षेत्र में मादक पदार्थ की तस्करी की सूचना मिली। सूचना के आधार पर एसओटीएफ और कोतवाली किच्छा पुलिस ने सैजना रोड स्थित सोलर फैक्टरी के पास, चौकी दरऊ क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार एक संदिग्ध को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके कब्जे से 122.14 ग्राम स्मैक बरामद हुई।पूछताछ में आरोपित की पहचान गुरचरन सिंह (30) पुत्र मक्खन सिंह, निवासी धानी करा सिंह अभोर, थाना अभोर, जिला फाजिल्का, पंजाब के रूप में हुई। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया है। बरामदगी के आधार पर कोतवाली किच्छा में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मुख्यमंत्री के नशामुक्त उत्तराखंड के लक्ष्य को लेकर कुमाऊं परिक्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आइजी कुमाऊं रेंज निवेदिता कुकरेती ने सभी जनपद प्रभारियों और एसओटीएफ को नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पुलिस टीम में एसओटीएफ कुमाऊं रेंज प्रभारी मय टीम, उपनिरीक्षक पवन जोशी और कांस्टेबल 246 उमेद गिरी शामिल रहे।







