नैनीताल। बिना आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता के मरीजों का उपचार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सर्वजन दिव्यांग कल्याण समिति के अध्यक्ष शंकर लाल ने बुधवार को सीएमओ कैंप कार्यालय में धरना दिया। इस दौरान उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता के साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर ऐसे लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
शंकर लाल ने कहा कि बिना मान्य चिकित्सकीय योग्यता के उपचार करने से मरीजों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है। उन्होंने ऐसे क्लीनिक और उपचार केंद्रों की जांच कर मानकों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि जिले में संचालित सभी क्लीनिक और अस्पतालों को क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालन करना अनिवार्य है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां निर्धारित मानक पूरे नहीं पाए जाते हैं, वहां जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।सीएमओ ने समिति अध्यक्ष को मामले में आवश्यक जांच कराने और नियमों के अनुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में विभाग की ओर से निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

