नंदा देवी महोत्सव में गूंजे मां के जयकारे, पंच आरती में उमड़ा आस्था का सैलाब.. मंदिर प्रांगण में शाम से जुटने लगी श्रद्धालुओं की भीड़, आरती के बाद वितरित हुआ प्रसाद… रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर ” नैनीताल..

22

नैनीताल। नंदा देवी महोत्सव के तहत रविवार शाम नयना देवी मंदिर परिसर में आयोजित पंच आरती में श्रद्धालुओं ने भक्ति और आस्था के साथ मां नंदा-सुनंदा का पूजन कियाशाम करीब 6:30 बजे आचार्य भगवती प्रसाद जोशी ने विधि-विधान से पंच आरती संपन्न कराई। आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

 

पंच आरती में शामिल होने के लिए शाम पांच बजे से ही मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। आरती के दौरान मंदिर परिसर मां के जयकारों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आरती में शामिल होकर मां का आशीर्वाद लिया और प्रसाद ग्रहण किया।
उधर, तल्लीताल स्थित दर्शन घर पार्क में भी धार्मिक आयोजन हुए। यहां शाम छह बजे से भजन-कीर्तन का आयोजन शुरू हुआ। भजन-कीर्तन के बाद आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

पंच आरती के दौरान हाई कोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति रविंद्र मैठाणी, पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती केसी, श्रीराम सेवक सभा के अध्यक्ष मनोज साह सहित संस्था के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के लिए भी व्यवस्थापक सक्रिय रहे।
नंदा देवी महोत्सव के धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की बढ़ती भागीदारी से नगर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। महोत्सव के आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है।