नैनीताल। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर स्वास्थ्य विभाग ने हल्द्वानी राजपुरा स्थित कुष्ठ आश्रम में रह रहे लोगों के बीच पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं और जागरूकता का संदेश दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने आश्रम पहुंचकर कुष्ठ प्रभावित लोगों से मुलाकात की और उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं व जरूरतों की जानकारी ली।इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से बीपी जांच मशीन, शुगर जांच मशीन, विटाडीन, रुई समेत फल और छाछ का वितरण किया गया। सीएमओ ने आश्रम में रह रहे लोगों को आवश्यकता के अनुसार स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आश्रम में निवासरत लोगों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश भी दिए।
जिलेभर के स्वास्थ्य केंद्रों में हुए कार्यक्रम
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर नैनीताल जिले के विभिन्न चिकित्सालयों और स्वास्थ्य संस्थानों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वास्थ्य कर्मियों ने वृद्धजनों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। इस दौरान फल वितरित कर बुजुर्गों के स्वस्थ जीवन की कामना की गई।
सीएमओ ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि समाज के हर वर्ग तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचें। बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों को सम्मानजनक, संवेदनशील और निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल, डॉ. रजत भट्ट, डॉ. रेनू सूठा, मदन मेहरा, अजय भट्ट, मनोज मर्तोलिया और देवेंद्र बिष्ट समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।







