नैनीताल। वन्यजीव संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जीबी पंत उच्च स्थलीय प्राणी उद्यान नैनीताल की ओर से दो से आठ अक्टूबर तक वन्यजीव सप्ताह मनाया जाएगा। इस वर्ष सप्ताह की थीम ‘Connected Habitats, Thriving Wildlife’ रखी गई है। सप्ताह के दौरान शहर के करीब 40 विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए रंगोली, रैली, क्विज, मैराथन, नाटक, नेचर वॉक, पेंटिंग, निबंध, फैंसी ड्रेस, मॉडल डिजाइन और फेस पेंटिंग समेत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
दो अक्टूबर को प्राणी उद्यान में रंगोली प्रतियोगिता होगी। इसमें कक्षा नौ से 12 तक के अधिकतम छह विद्यार्थी समूह में शामिल हो सकेंगे। तीन अक्टूबर को डीएसए मैदान मल्लीताल से प्राणी उद्यान तक रैली निकाली जाएगी। प्रत्येक विद्यालय से अधिकतम 20 विद्यार्थी स्कूल बैनर, झंडे व प्लेकार्ड के साथ शामिल होंगे। रैली में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पांच विद्यालयों को पुरस्कृत किया जाएगा।
इसी दिन क्विज प्रतियोगिता भी होगी। पहले चरण में वस्तुनिष्ठ प्रश्नपत्र और उसके बाद छह श्रेष्ठ विद्यालयों के बीच मौखिक क्विज होगी। चार अक्टूबर को पंत पार्क से 12 किलोमीटर की मैराथन आयोजित होगी। इसमें कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थी पुरुष व महिला वर्ग में प्रतिभाग कर सकेंगे।
पांच अक्टूबर को प्राणी उद्यान के सभागार में विशेषज्ञ वार्ता होगी, जिसमें क्षेत्रीय वन्यजीवों, मानव-वन्यजीव संघर्ष, रेस्क्यू प्रोटोकॉल और संरक्षण कार्यों पर विशेषज्ञ जानकारी देंगे। छह अक्टूबर को अयार जंगल कैंप से टिफिन टॉप तक नेचर वॉक होगी। इसी दौरान पेंटिंग और निबंध प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
सात अक्टूबर को कक्षा एक से पांच तक के बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता होगी, जबकि कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थी संरक्षण मॉडल डिजाइन प्रतियोगिता में भाग लेंगे। आठ अक्टूबर को फेस पेंटिंग प्रतियोगिता के साथ पुरस्कार वितरण कार्यक्रम होगा। इसके अलावा दो से छह अक्टूबर तक विद्यार्थी प्राणी उद्यान के वन्यजीवों पर फोटोग्राफी व रील बनाकर प्राणी उद्यान के इंस्टाग्राम हैंडल ‘nainital_zoo’ को टैग कर सकेंगे।
●हर कार्यक्रम में शिक्षक की मौजूदगी अनिवार्य..
प्राणी उद्यान प्रशासन ने सभी विद्यालयों से वन्यजीव सप्ताह के कार्यक्रमों में विद्यार्थियों के साथ कम से कम एक शिक्षक/शिक्षिका भेजने का अनुरोध किया है। विद्यार्थियों की सूची निर्धारित प्रारूप में 29 सितंबर तक उपलब्ध कराने को कहा गया था।
●आठ अक्टूबर को होगा पुरस्कार वितरण..
सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को आठ अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रतियोगिताओं के लिए विद्यालयों को निर्धारित समय से पहले विद्यार्थियों को प्राणी उद्यान पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। मैराथन से संबंधित जानकारी के लिए रन टू लाइव संस्था के सागर देवड़ी से संपर्क किया जा सकता है।







