भूमियाधार में 250 फीट गहरी खाई में गिरी स्कॉर्पियो… अंधेरे और दुर्गम रास्ते में दो से तीन घंटे चला रेस्क्यू अभियान.. रिपोर्ट- (सुनील भारती) ‘स्टार खबर’ नैनीताल

73

 

नैनीताल। कैंचीधाम में दर्शन करने के बाद हल्द्वानी लौट रहे युवकों की स्कॉर्पियो शनिवार शाम भूमियाधार के पास अनियंत्रित होकर करीब 250 फीट गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे में एक युवक की मौत होने की सूचना है, जबकि चार अन्य घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। अंधेरा और खड़ी ढलान होने के कारण रेस्क्यू में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार काले रंग की स्कॉर्पियो संख्या एचआर-36-एपी-2156 में युवक कैंचीधाम से दर्शन कर हल्द्वानी की ओर जा रहे थे। ज्योलिकोट से भवाली की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग एक्सटेंशन पर भूमियाधार के समीप पहुंचने पर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और स्कॉर्पियो सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।

वाहन के खाई में गिरते ही उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और खुद भी राहत-बचाव में जुट गए। मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने खाई में उतरकर रेस्क्यू शुरू किया। विषम भौगोलिक परिस्थितियों और अंधेरा होने के कारण बचाव कार्य में काफी समय लगा।

रेस्क्यू टीम ने वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। घायलों को उपचार के लिए भवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। हादसे में एक युवक की मौत होने की सूचना है। हालांकि देर शाम तक मृतक और घायलों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है।