हल्द्वानी : महापौर गजराज सिंह बिष्ट की पहल रंग लाई, व्यापारियों को किराया व निर्माण अनुमति में बड़ी राहत

6

हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट की पहल पर व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है। व्यापारियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने नगर आयुक्त परितोष वर्मा, कर निरीक्षक महेश पाठक तथा नगर निगम अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक कर महत्वपूर्ण निर्णय सुनिश्चित कराए।

बैठक में व्यापारियों के हित में ₹1 के स्थान पर ₹1.50 किराया निर्धारित किए जाने के अनुरोध को स्वीकार किया गया। साथ ही दो मंजिला भवन निर्माण की अनुमति प्रक्रिया को भी सरल और सुगम बनाने का निर्णय लिया गया। इससे व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों के विस्तार और विकास में सुविधा मिलेगी तथा अनावश्यक प्रशासनिक जटिलताओं से राहत मिलेगी।

महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम व्यापारियों के हितों की रक्षा और शहर के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को और अधिक प्रोत्साहन मिल सके।

महापौर के प्रयासों से संतुष्ट व्यापारियों ने उनका माल्यार्पण कर तथा मिठाई खिलाकर स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान व्यापारियों ने उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लिए गए निर्णय व्यापारिक समुदाय के लिए बेहद लाभकारी साबित होंगे।

इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, योगेश शर्मा, पंकज कपूर, आशीष मल्होत्रा, राजीव जायसवाल, मनोज जायसवाल, नंदकिशोर वर्मा, पार्षद प्रतिनिधि गोपाल भट्ट सहित अनेक व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।